पहाड़ के रूटों पर 17 बसों का संचालन रहा ठप
ऋषिकेश
निजी बसों के तीर्थयात्रियों को लेकर चारधाम जाने के कारण बुधवार को श्रीनगर गढ़वाल समेत पहाड़ के रूटों पर 17 बसों का संचालन ठप रहा। पहाड़ जाने के लिए ऋषिकेश में बसों का इंतजार कर रहे लोगों को इससे भारी परेशानी झेलनी पड़ी। श्रीनगर, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, गैंडखाल आदि रूटों की सवारियों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए मजबूरी में मनमाना किराया देकर छोटे वाहनों से सफर करना पड़ा। ऋषिकेश से पहाड़ के लोकल रूट टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, श्रीनगर, पौड़ी आदि में बसों का संचालन टीजीएमओसी, यातायात एवं पर्यटन संघ और जीएमओ आदि परिवहन कंपनियां करती हैं। संयुक्त यात्रा बस अड्डा परिसर में तीनों कंपनियों के टिकट काउंटर चल रहे हैं। इन्हीं कंपनियों की बसें चारधाम में भी संचालित हो रही हैं। चारधाम यात्रा तेज होने से बसों की डिमांड बढ़ गई है। अधिकतर बसों के चारधाम पर जाने से अब पहाड़ के रूटों पर परिवहन व्यवस्था लड़खड़ा गई है।
बुधवार को टीजीएमओसी, पर्यटन सहकारी संघ की टिहरी, उत्तरकाशी जनपद में चलने वाली बस सेवाएं सुचारु रहीं, लेकिन जीएमओ की सुबह से एक भी बस श्रीनगर गढ़वाल लोकल रूट पर नहीं चली। जीएमओ के टिकट काउंटर लिपिक पुष्पेंद्र रावत ने बताया कि ऋषिकेश से पौड़ी, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, गौरीकुंड, गैंडखाल समेत 17 रूटों पर नियमित बस सेवा हैं। लेकिन बसों की कमी के चलते बुधवार को एक भी बस पहाड़ के रूटों पर नहीं चली। कहा कि गुरुवार को बसों की उपलब्धता होने पर व्यवस्था सुचारु हो सकती है।
