सभासद के तीनों प्रत्याशियों पर भारी गुजरा इंतजार

रुडकी

लक्सर नपा के वार्ड 4 में सभासद के उपचुनाव में उतरी तीनों महिला प्रत्याशियों पर सोमवार का दिन भारी गुजरा। मतदान के बाद मंगलवार को होने वाली मतगणना के नतीजे को लेकर प्रत्याशियों की धड़कनें पूरे दिन बढ़ती-घटती रही। प्रत्याशी और उनके समर्थक सोमवार को वार्ड में घूमकर लोगों का रुझान भांपते रहे।
2018 के निकाय चुनाव में लक्सर नगर पालिका के महिला आरक्षित वार्ड 4 शिवपुरी पूर्वी से भाजपा की नीता पांचाल सभासद निर्वाचित हुई थी। 2021 में सभासद को तीसरा बच्चा होने की शिकायत पर जांच के बाद शासन ने नीता का निर्वाचन निरस्त कर दिया था। तब से यहां सभासद की सीट रिक्त थी। पिछले महीने से इस वार्ड में सभासद के उपचुनाव की प्रक्रिया चल रही है। यहां से भाजपा की मालवती देवी के अलावा निर्दलीय पूजा पांचाल और नीरू गोयल उम्मीदवार हैं। रविवार को उपचुनाव में मतदान की प्रक्रिया पूरी हो गई। वार्ड के 1567 में से 873 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। अब मंगलवार 14 जून को मतों की गिनती की जानी है। मतदान से मतगणना के बीच सोमवार का दिन तीनों प्रत्याशियों पर खासा भारी गुजरा। तीनों प्रत्याशी अपनी जीत को लेकर आश्वस्त होने के बावजूद सोमवार को पूरे दिन अपने-अपने पक्ष के वोटों का जोड़, घटाव और गुणा, भाग करने में मशगूल दिखाई दिए। तीनों प्रत्याशियों के समर्थक भी दिन भर वार्ड में घूमकर लोगों से मिले और मतदान के दिन उनका रुझान किस प्रत्याशी की तरफ रहा है, इसके बारे में जानकारी लेते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *