सिंगल यूज प्लास्टिक बैन होने के बाद दिल्ली के प्रदूषण में कमी आएगी : भाजपा
नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने सिंगल यूज प्लास्टिक बैन करने के लिए केंद्र की मोदी सरकार को धन्यवाद देते हुए कहा कि दिल्ली में उपयोग होने वाला ज्यादातर सिंगल यूज प्लास्टिक वेस्ट (कचरा) इन्फॉर्मल सेक्टर में जा रहा है। कई प्लास्टिक ऐसे हैं, जिन्हें कोई लेने को तैयार नहीं है। इनमें खाने के सामानों के पैकेट, नूडल्स के पैकेट, बिस्किट और चिप्स के मल्टी लेयर पैकेट आदि शामिल हैं। ये सभी दिल्ली की लैंडफिल साइटों पर ही जाता है। उन्होंने कहा कि यह प्लास्टिक लैंडफिल साइट में पड़े-पड़े मिट्टी, पानी आदि को प्रदूषित कर रहा है। ऐसे में इनके बैन होने से राजधानी में प्रदूषण को कम करने में सहायता मिलेगी। आदेश गुप्ता ने दिल्ली में सिंगल यूज प्लास्टिक बैन होने पर केजरीवाल सरकार से सवाल करते हुए पूछा है कि केंद्र सरकार द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक पर बैन लगाए जाने के बाद केजरीवाल सरकार द्वारा दिल्ली की जनता को इसके विकल्प के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोग मार्केट में समान खरीदने के लिए जा रहे हैं लेकिन प्लास्टिक की जगह केजरीवाल सरकार द्वारा कोई विकल्प दुकानदारों को अभी तक न देने से उन्हें बिना समान लिए वापस आना पड़ रहा है। आदेश गुप्ता ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक के 19 आइटमों पर प्रतिबंध लगने के बाद केजरीवाल सरकार की लापरवाही की वजह से लोग और व्यापारी काफी परेशान व असमंजस में हैं। व्यापारी परेशान हैं कि उन्हें इन आइटमों के विकल्प महंगे तो मिल ही रहे हैं लेकिन डिमांड के अनुरूप भी नहीं मिल रहे हैं। अभी व्यापारी जितना ऑर्डर करते हैं उसका सिर्फ 20 फीसदी भी ऑर्डर नहीं मिल पा रहा है। इसका कारण है कि प्लास्टिक की जगहों पर जो विकल्प उपलब्ध है उनका चेन सिस्टम सही नहीं है और वे महंगें भी हैं। ऐसे में आने वाले समय में आम जनता के ऊपर इसका भी बोझ बढऩे वाला है। प्लास्टिक के विकल्पों की कालाबाज़ारी भी शुरु हो चुकी है जिससे चीजें और महंगी होंगी। आदेश गुप्ता ने कहा कि केजरीवाल सरकार का यह कर्तव्य है कि इन चीजों की हो रही कालाबाज़ारी पर रोक लगाए जिससे लोगों के ऊपर इसका विपरीत असर न पड़े। श्री गुप्ता ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक के बैन से सबसे ज्यादा रेस्तरां वाले परेशान हैं। दिल्ली के मार्किटोंं में कटलरी की कमी है। उन्होंने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक बैन होने से दिल्ली के अंदर छुट्टा जानवर इसे खाकर बीमार होते हैं, उसे भी रोका जा सकेगा।
