पछुवादून में जगह जगह किया गया पौधरोपण
विकासनगर
हरेला महोत्सव के तहत पछुवादून के शिक्षण संस्थानों में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। छात्र-छात्राओं ने हर घर एक पौधा अभियान की शुरुआत कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदार बनने को जागरूक किया। बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज छरबा में पूर्व शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय समेत विकासनगर विधायक मुन्ना चौहान और अन्य जन प्रतनिधियों ने पौधरोपण किया। पूर्व शिक्षा मंत्री ने कहा कि पौधों के बिना धरती अस्तित्व कल्पना से परे है। धरती प्रत्येक प्राणी के जीवित रहने के लिए पर्यावरण संतुलन का होना जरूरी है। पर्यावरण संतुलित रखने के लिए जल और जंगल का संरक्षण किया जाना चाहिए। उन्होंने छात्रों को बताया कि जंगलों के संरक्षण से ही जल का संरक्षण होगा। विकासनगर विधायक चौहान ने कहा कि शिक्षा मंत्री के तौर पर कार्य करते हुए पूर्व मंत्री ने विद्यालयों में संसाधन मुहैया कराने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों से ही समग्र क्रांति की शुरुआत होती है। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी विद्यालयों से एक बुलंद आवाज उठने के साथ ही महत्वपूर्ण योगदान दिया जाना चाहिए। भाजपा जिलाध्यक्ष शमशेर पुंडीर ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता अपने बूथ पर पौधे रोपकर उनका पालन पोषण करेंगे। इस दौरान प्रधानाचार्य रामबाबू विमल, अरुण मित्तल, आकाश गुलेरिया, सुनील पठानिया, जितेंद्र सिंह बुटोइया आदि मौजूद रहे। दूसरी ओर सेपियंस स्कूल के छात्र-छात्राओं ने चेतना क्लब मैदान अंबाड़ी में पौधरोपण किया। प्रधानाचार्य नवीन तनेजा ने कहा कि जल, थल, नभ के पर्यावरण के संरक्षित रहने से ही धरती पर जीवन बचा रहेगा। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के साथ ही पौधों की सुरक्षा करना समाज का नैतिक दायित्व है। छात्र-छात्राओं से अपने घर के आसपास खाली पड़ी जमीन पर फलदार पौधे रोपने को कहा। इस दौरान जमाल खान, फतेह आलिम, निहारिका, शगुन, मानवी, सलोनी, सुहानी, वेदांश, श्रेष्ठ, आदित्य, रौनक, संदीप, आयुषी आदि मौजूद रहे।
