खनऊ, कानपुर, बरेली व गोंडा के खिलाडिय़ों ने जीते दो-दो स्वर्ण पदक
लखनऊ
मेजबान लखनऊ, कानपुर, बरेली व गोंडा के खिलाडिय़ों ने प्रथम यूपी सेंट्रल जोन ताइक्वांडो चैंपियनशिप में दमदार प्रदर्शन करते हुए दो-दो स्वर्ण पदक जीते। उत्तर प्रदेश ताइक्वाण्डो संघ के तत्वावधान में लखनऊ जिला ताइक्वाण्डो संघ द्वारा चैक स्टेडियम के लाल जी टंडन बहुउद्देशीय हाल में खेली जा रही चैंपियनशिप के पहले दिन महराजगंज की सांची अग्रवाल, कानपुर की तेजस्वी गुप्ता, अनन्या कटियार, लखनऊ की अविका निगम, शिखर सिंह, बरेली की समीक्षा, फैजान अहमद, बिजनौर के आयुष्मान चैहान, सीतापुर के कार्तिकेय केसरवानी, गोण्डा के शिवा जायसवाल व उत्कर्ष सिंह ने स्वर्ण पदक जीते।
चैंपियनशिप का उद्घाटन मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष टीपी हवेलिया ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आत्मरक्षा के लिए बेहतरीन आर्ट ताइक्वाण्डो की बालिकाओं को स्कूली स्तर से ही ट्रेनिंग लेनी चाहिए। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि डिवाइन हार्ट हास्पिटल लखनऊ के मेडिकल डायरेक्टर डा.पंकज श्रीवास्तव रहे। उद्धाटन समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश ताइक्वाण्डो संघ के सचिव चंद्र कुमार शर्मा ने की। उपस्थित अतिथिगण का स्वागत आयोजन सचिव सुभाष मौर्या ने किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश ताइक्वाण्डो संघ की संयुक्त सचिव रंजीत कौर, मीडिया प्रभारी रत्नेश शर्मा, लखनऊ ताइक्वाण्डो संघ के उपाध्यक्ष अर्जुन चैधरी व अन्य मौजूद रहे।
