लोडर वाहन के खाई में गिरने से मजदूर की मौत

ऋषिकेश

मुनिकीरेती थाना की ब्यासी चौकी क्षेत्र में बडीर-ससमण ग्रामीण मोटर मार्ग पर एक लोडर वाहन अनियंत्रित होकर 200 मीटर खाई में जा गिरा। हादसे के दौरान वाहन में सवार पश्चिम बंगाल के रहने वाले मजदूर की मौत हो गई। जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुनिकीरेती थाना पुलिस के मुताबिक देवप्रयाग तहसील के बडीर-ससमण ग्रामीण मोटर मार्ग पर ससमण के पास सड़क निर्माण कार्य चल रहा था। इस दौरान पत्थर भरते समय अचानक लोडर वाहन पहाड़ी पर चढ़ते समय अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। वाहन में सवार मजदूर विजय (35) पुत्र जितेंद्र ठाकुर निवासी हुगली, पश्चिम बंगाल की खाई में गिरने से मौत हो गई। जबकि चालक अमन सिंह (22) पुत्र धीरेंद्र सिंह निवासी पूर्वाला को पुलिस ने घायल अवस्था में ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। थाना वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश सैनी ने बताया कि मृतक विजय के शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *