युवाओं में कौशल विकास पर गोष्ठी का आयोजन
देहरादून
यूथ रॉक फाउंडेशन देहरादून ने आज बुद्ध मंदिर में अपने पहल गतिविधि के अंतर्गत युवाओं में कौशल विकास पर एक गोष्ठी का आयोजन किया। इस बैठक ने वाईआरएफ के प्रोजेक्ट पहल के अंतर्गत कौशल एवं व्यक्तित्व विकास अभियान की शुरुआत के लिए विभिन्न कॉलेजों को चिह्नित किया। इस अभियान में यूथ फाउंडेशन देहरादून की टीम उत्तराखंड के विभिन्न सरकारी और निजी कॉलेजों तक पहुँचेगी और छात्रों को अपना करियर बुद्धिमानी से चुनने में मदद करेगी और साक्षात्कार के लिए अच्छी तैयारी के बारे में उनका मार्गदर्शन करेगी। इस अवसर पर यूथ रॉक फाउंडेशन के संस्थापक डॉ दिव्या नेगी घई ने कहा कि हमारे उत्तराखंड में कौशल विकास और व्यक्तित्व विकास पर विश्वविद्यालयों में ज्यादा जोर नहीं दिया जाता है जिससे कि उत्तराखंड के युवा जब नौकरी पेशा में आते हैं तो उन्हें खासा परेशानियों का सामना करना पड़ता है। हमारा लक्ष्य है कि हम अपने संस्था के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा लोगों को खासकर युवाओं में कौशल विकास एवं व्यक्तित्व विकास के लिए जागरूकता लाएं। उन्होंने कहा कि जिससे उत्तराखंड के युवाओं को नौकरियों एवं अन्य व्यवसाय करने में कोई कठिनाइयों का सामना करना ना पड़े।
