हिमालयन कप ऑल इंडिया फुटबॉल टूर्नामेंट के नॉकआउट राउंड के मुकाबले आज
देहरादून
राजधानी के ऐतिहासिक पवेलियन मैदान में बृहस्पतिवार से शुरू हो रहे हिमालयन कप ऑल इंडिया फुटबॉल टूर्नामेंट के नॉकआउट राउंड के मुकाबलों में खेल प्रेमियों को बेहतरीन फुटबॉल देखने को मिलेगी। आज परेड ग्राउंड स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजन समिति के सुभाष अरोड़ा व देवेंद्र सिंह बिष्ट मुख्य दौर के मुकाबलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण व फुटबॉल को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से यह आयोजन शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि गत अक्तूबर माह को शुरू हुए टूर्नामेंट के लीग राउंड के मैच टनकपुर, रुद्रपुर व कोटद्वार में खेले गए। उन्होंने बताया कि चार पूल में हुए मैचों में हर पूल से अंकों के आधार पर दो दो टीमों ने क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया है। उन्होंने कहा कि जिसके मुकाबले बृहस्पतिवार से पवेलियन ग्राउंड में देखने को मिलेंगे। उन्होंने कहा कि इसके क्वालीफाई करने वाली टीमें देहरादून पहुंच चुकी हैं। बताया कि तीन व चार नवम्बर को क्वार्टर फाइनल, पांच को सेमीफाइनल, छह को थर्ड प्लेस और सात नवम्बर को टूर्नामेंट का फाइनल खेला जाएगा। उन्होंने कहा कि विजेता-उपविजेता टीमों को क्रमशरू. पांच व तीन लाख रुपये की पुरस्कार राशि व ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। तृतीय स्थान हासिल करने वाली टीम को एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
