उत्तराखण्ड में दो स्थानों जोशीमठ एवं बनफूलपुरा की जनता की परेशानियों से कराया अवगत
देहरादून
कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन प्रेषित कर कहा है कि उत्तराखण्ड में दो स्थानों जोशीमठ एवं बनफूलपुरा की जनता इस समय बहुत परेशान है। उन्होंने ज्ञापन में कहा है कि जोशीमठ और बनभूलपुरा हल्द्वानी है और जोशीमठ से रोजाना भू-धंसाव के कारण मकानों दुकानों में दरारें पड़ने के साथ ही वहां के लोग पलायन कर रहे हैं एवं वहां की हजारों की संख्या में आम जनता आसन्न खतरे से घबराई हुई है। ऐसी स्थिति में शासन से जिस प्रकार की गंभीरतापूर्वक जनहित के निर्णय की अपेक्षा थी, वह प्रदर्शित नहीं हो रही है, जिस कारण आम आदमी घबराया हुआ है। ज्ञापन में कहा गया है कि मुख्यमंत्री प्रदेश के मुख्य अभिभावक हैं, इसलिए उक्त विकट समस्या के निदान हेतु गंभीरतापूर्वक उचित कदम उठाने चाहिये। इस अवसर पर ज्ञापन में कहा गया है कि बनभूलपुरा ( हल्द्वानी) के कई हजार परिवारों पर भी इस वक्त उजाड़े जाने का खतरा मंडरा रहा है। न्यायिक निर्णय सदैव ही लिपिबद्ध कानून के प्रकाश में दिए जाते हैं परन्तु सरकार की यह जिम्मेदारी होती है कि न्यायालय के उक्त प्रकार के निर्णय आने के बाद प्रदेश की जनता के सामान्य हितों की रक्षा करे। ज्ञापन में कहा गया कि आज कांग्रेस सेवादल आपकी जिम्मेदारी याद दिलाने को बाध्य है। ज्ञापन में कहा गया कि पक्ष विपक्ष के विधायकों एवं पूर्व मुख्यमंत्रियों से तुरंत चर्चा करके उक्त प्रकरण में ऐसा मार्ग निकालें, जिससे हजारों की संख्या में आम आदमी के सिर से छत का साया नहीं उठे। इस अवसर पर सेवादल पदाघिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे।
