बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग
चम्पावत। विकास खंड बाराकोट में बंदर और लंगूर के आतंक से क्षेत्र के लोग परेशान हैं। लोगों ने डीएफओ को ज्ञापन देकर बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग उठाई। ग्राम प्रधान राजेश अधिकारी ने डीएफओ को भेजे ज्ञापन में कहा कि आए दिन बाराकोट के क्षेत्र में बंदरों और लंगूरों ने आतंक बनाया है। राह चलते लोगों पर ये हमला कर रहे हैं। जिससे लोग अकेले में जाने से कतरा रहे हैं। अधिकारी ने कहा कि सबसे अधिक महिलाओं और बच्चों पर डर का माहौल पैदा हो गया है। वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाकर बंदर और लंगूर के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
