देहरादून में घेराव करने जा रहे किसानों को वापस लौटाया
रुड़की
देहरादून में विधानसभा घेराव करने जा रहे किसानों को उत्तर प्रदेश की सीमा स्थित अमानतगढ़ पुलिस चौकी पर तैनात भारी पुलिस बल ने वापस लौटा दिया। भारतीय किसान यूनियन क्रांति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास सिंह सैनी के आह्वान पर किसानों की समस्याओं को लेकर घेराव करने जा रहे थे। भारतीय किसान यूनियन क्रांति ने गन्ने के बकाया भुगतान, बिजली के बिल माफी व उत्तर प्रदेश के समान सिंचाई के लिए निशुल्क बिजली आदि समस्याओं को लेकर विधानसभा कूच का आह्वान किया था। पुलिस प्रशासन ने मंगलवार सुबह से ही उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड की सीमा पर बैरिकेडिंग लगा दी थी। बुग्गावाला थानाध्यक्ष अनिल चौहान ने बताया कि देहरादून जा रहे किसान कार्यकर्ताओं को रोककर समझा-बुझाकर वापस कर दिया है।
