कीर्तिनगर-जनासू मोटरमार्ग का जल्द होगा सुधारीकरण
पौड़ी। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन परियोजना निर्माण के लिए अधिग्रहित की गई भूमि के संबंध में आयोजित बैठक में डीएम ने रेलवे विभाग के अधिकारियों को रेलवे निर्माण से प्रभावित लोगों के मुआवजे, सड़क सुधारीकरण और आवागमन के मार्गों के सुधार से संबंधित सभी कार्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि कीर्तिनगर-जनासू मोटर मार्ग के सुधारीकरण का कार्य 1 हफ्ते के भीतर शुरू कर दिया जाएगा। इसके साथ ही देवप्रयाग-पयाल गांव तक मोटर मार्ग के सुधारीकरण के संबंध में लोनिवि से प्रस्ताव प्राप्त हो चुका है। इस दौरान अपर महाप्रबंधक रेलवे विजय डंगवाल, एसडीएम आकाश जोशी और अजयवीर सिंह, प्रबंधक रेलवे विनोद बिष्ट आदि शामिल थे।
