डामरीकरण के लिए महिलाओं का प्रदर्शन
पिथौरागढ़। बुंगाछीना-हरिनंदा सड़क की बदहाली से आक्रोशित महिलाएं सड़क पर उतर आई हैं। उन्होंने कहा सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश के बार दौरान पूरी सड़क कीचड़ से पट गई है। इससे आवाजाही करना लोगों के लिए चुनौती बन गया है। शुक्रवार को बुंगाछीना में महिलाएं एकत्रित हुईं। उन्होंने नारेबाजी करते हुए प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। महिलाओं ने कहा बुंगाछीना से हरिनंदा के बीच करीब 17 साल पहले तीन किमी लंबी सड़क का निर्माण हुआ। तब इस मार्ग में डेढ़ किमी सड़क में डामरीकरण हुआ, लेकिन शेष मार्ग को कच्चा ही छोड़ दिया गया। कहा वर्तमान में आधा-अधूरा हुआ डामर भी उखड़ गया है। बारिश के दौरान इस मार्ग में आवाजाही करना मुसीबत बन गया है। 92 वर्षीय पूर्णानंद नगरकोटी ने कहा एक लंबे अरसे के संघर्ष के बाद सड़क बनी, लेकिन वह भी राहत कम मुसीबत अधिक साबित हो रही है। 90 वर्षीय मोहनी देवी ने कहा तबीयत खराब होने पर रोड के वजह से गाड़ी में बैठने में डर लगता है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार ने कहा सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा भाजपा का अंतिम छोर में बैठे व्यक्ति का विकास यही है। कहा बाराबीसी क्षेत्र की उपेक्षा बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ये रहे शामिल: देवेश शर्मा, मोहनी देवी, रामा देवी, पूर्णानंद नगरकोटी, बसंती देवी, भागीरथी देवी, दीपा भट्ट, मनीष जोशी, अजय जोशी, योगेश शर्मा, राधिका देवी, मंजू शर्मा आदि।
