अवैध खनन से जुड़े लोगों का प्रशासन से मिलीभगत का आरोप
हरिद्वार। मातृसदन के संस्थापक स्वामी शिवानंद ने खनन करने वालों का प्रशासन से मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आश्रम के संतों के बाहर होने पर ही आश्रम में घुसपैठ की घटना को अंजाम दिया जाता है। इससे जाहिर होता है कि मातृसदन की लगातार निगरानी की जा रही है। मातृसदन आश्रम में लगातार अज्ञात लोगों की मौजूदगी पर स्वामी शिवानंद ने चिंता जताई है। शनिवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि शुक्रवार को अज्ञात लोगों ने आश्रम में घुसपैठ की कोशिश की। सीसीटीवी कैमरे में घटना दर्ज हो गई है। जिसमें एक लड़का और लड़की आश्रम में घुसने का प्रयास कर रहे थे। जिसमें लड़की आश्रम परिसर में आती दिखाई दे रही है वहीं लड़का बाहर से निगरानी कर रहा है। आश्रम के कर्मचारियों के पूछने पर वे भाग गए। इससे साफ जाहिर है कि शासन-प्रशासन की शह पर अवैध खनन से जुड़े लोग किसी बड़े षड्यंत्र को अंजाम देने की फिराक में है। उन्हें आश्रम के संतों के बाहर रहने की जानकारी रहती है। पिछली दोनों घटनाओं में समानता देखने को मिली है। कहा कि पुलिस प्रशासन भी घटना को लेकर गंभीर नहीं है। ऐसे में भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। उन्होंने मीडिया को फूटेज भी दिखाए।