बजरी माफिया ने पुलिस कांस्टेबल की बाइक पर चढ़ाया ट्रैक्टर

सवाई माधोपुर

सवाईमाधोपुर जिला मुख्यालय पर शहर गुरुद्वारे के पास बजरी माफिया द्वारा एक पुलिस कांस्टेबल पर हमले का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही शहर पुलिस चौकी व कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शहर में गुरुद्वारे के पास अवैध बजरी से भरी एक ट्रॉली के आने की सूचना मिली थी।
सूचना मिलने के बाद शहर चौकी कांस्टेबल सीताराम मौके पर पहुंचे। इस दौरान बजरी से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली चालक को रोकने का प्रयास किया लेकिन ट्रॉली चालक ने कांस्टेबल की बाइक पर ट्रैक्टर-ट्रॉली चढ़ा दी। घटना के बाद कांस्टेबल ने बाइक से कूद कर अपनी जान बचाई लेकिन बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया। इसके बाद कांस्टेबल ने इसकी सूचना कोतवाली थाने को दी। सूचना पर कोतवाली थाने से जाब्ता मौके पर पहुंचा और ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त किया। पुलिस टीम ट्रैक्टर-ट्रॉली को कोतवाली थाने में खड़ा करवाया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *