अपराधियों की संपत्ति नीलाम कर पीड़िता के परिजनों को मुआवजा दिया जाएः आरिफ खान
देहरादून
नैशनल एसोसिएशन फॉर पैरेंट्स एंड स्टूडेंट्स राइट्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरिफ खान ने राज्य महिला आयोग को पत्र लिख कर निष्पक्ष जांच कमेटी बनाये जाने व अपराधियों की संपत्ति नीलाम कर पीड़िता के परिजनों को मुआवजा देने साथ ही इस प्रकार के मामलों हेतु एक पीड़िता राहत कोष का निर्माण करने की मांग की है। इस अवसर पर पत्र में उन्होंने मांग की है कि अंकिता भण्डारी हत्याकांड में राज्य महिला आयोग द्वारा दोषियों के विरुद्ध अविलम्ब एक निष्पक्ष जांच कमेटी बनाकर अपराधियों के आपराधिक इतिहास, उनके रिजॉर्ट्स मे आने-जाने वालों ग्राहकों की, उनकी चल अचल सम्पति एवं वो कौन से वीआईपी थे जिनके साथ दुष्कर्म करने के लिए अंकिता भंडारी को बाध्य किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि अंकिता भण्डारी से पूर्व कितनी महिला कर्मचारियों ने उक्त विवादित रिजॉर्ट्स मे काम किया है उन सब के बयान भी लिए जाने चाहिए ताकि यह पता लग सके कि उक्त रिजॉर्ट्स मे अंकिता पहली पीड़ित है या इस से पूर्व भी महिलाओं का शोषण होता रहा है या हुआ है। उन्होंने कहा कि अंकिता भण्डारी के परिजनों को पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई जाए साथ ही इस जघन्य अपराध मे और कितने लोग शामिल हैं व जांच की जाए साथ ही दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त धाराओं मे मुकदमे कायम करके इनकी सम्पति नीलाम कर उक्त धनराशि मृतक अंकिता भण्डारी के परिजनों को बतौर मुआवजा दी जाए और बाकी जो पैसा बचता है। उन्होंने कहा कि उससे दुष्कर्म या अन्य प्रकार से पीड़ित महिलाओं हेतु एक पीड़िता राहत कोष की स्थापना की जाए जिसका उपयोग इस प्रकार की घटना से पीड़िताओं के परिजनों को मुआवजा हेतु व पीड़िता के परिजनों को कानूनी लड़ाई हेतु इस्तेमाल किया जाए।
