कुमाऊं व गमविनि के कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन 29 से
देहरादून
संयुक्त कर्मचारी महासंघ कुमाऊं गढ़वाल मंडल विकास निगम के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुरु रानी का कहना है कि कुमाऊं व गढ़वाल मंडल विकास निगम के कर्मचारी अपनी अपनी मांग नियमितीकरण व निगम स्तर की समस्याओं का समाधान वार्ता के माध्यम से ना होने के कारण 29 नवंबर से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन प्रारंभ कर देंगे। उन्होंने कहा कि जहां तक निगम स्तर की समस्याओं का समाधान है वहां कुमाऊँ मंडल विकास निगम में तृतीय श्रेणी व अधिकारियों के प्रमोशन कर दिए गए हैं वहीं अन्य समस्याएं जस की तस हैं। उन्होंने कहा कि वहीं गढ़वाल मंडल विकास निगम में चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के विभागीय प्रमोशन कर दिए गए हैं, लेकिन अन्य कक्षांे में प्रमोशन सहित अन्य प्रकरण पर कोई कार्यवाही नहीं की गई। उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर लंबित नियमितीकरण की कार्रवाई अभी तक नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि कुमाऊं मंडल व गढ़वाल मंडल विकास निगम के कर्मचारी सरकार के हर किसी कार्यक्रम में अग्रिम पंक्ति में रहकर कार्य करते हैं चाहे कोरोना का काल हो जिसमें निगम के कर्मचारियों ने अग्रिम पंक्ति में कार्य किया। उन्होंने कहा कि लेकिन अभी तक कोरोना योद्धा घोषित न करते हुए मानदेय तक नहीं दिया गया। इस अवसर पर गुरुरानी ने कहा कि 29 नवंबर को धरने प्रदर्शन की शुरुआत पौधारोपण के साथ की जाएगी। उन्होंने कहा कि आंदोलन को सफल बनाने के लिए सभी कर्मचारियों से संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों निगमों का एकीकरण का विरोध नहीं करते हैं लेकिन एकीकरण से पूर्व नियमितीकरण सहित दोनों निगम में व्याप्त वेतन विसंगति को दूर किया जाना चाहिए। इस अवसर पर महासंघ के महामंत्री ओम प्रकाश भट्ट ने कहा कि वार्ता भी जारी रहेगी आंदोलन भी जारी रहेगा। इस अवसर पर आंदोलन को सफल बनाने के लिए राजेश रमोला, किशन पंवार, पीतांबर दुमका, दिनेश सांगुड़ी, अजय कांत, आशीष उनियाल सहित अन्य निगम कर्मचारी शामिल रहे हैं।
