साल के पहले दिन भी लोगों को ठंड से नही मिली राहत
हरिद्वार
साल के पहले दिन भी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिली। सुबह के समय आसमान में हल्की धूप नजर आई। लेकिन कुछ समय बाद ही शहर को कोहरे की चादर ने ढक लिया। मौसम की करवट बदलते ही शहर में शीत लहर ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी। रविवार को हरिद्वार में अधिकतम तापमान 16 और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नए साल पर सुबह के समय धूप तो निकली। लेकिन सर्द हवाएं दिनभर चलती रही। दिन ढलने तक तापमान में गिरावट दर्ज होती रही। ठंड बढ़ने से कई स्थानों पर लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा। कई स्थानों पर लोग आग जला कर बैठे दिखे। साथ ठंड के कारण लोगों को आवागमन करने में बड़ी परेशानी उठानी पड़ी। दिन में लोग ठिठुर कर सफर करने को मजबूर दिखे। रविवार को सर्दी के कारण लोग बेहाल हो गए। हरद्विार में कोहरा बढ़ने से वाहनों की रफ्तार भी प्रभावित रही। अधिकांश लोग ठंड में बचाव के लिए चादर ओढ़े दिखे।