दुनिया भारत की ओर आशा भरी निगाहों से देख रही: शैलदीदी
हरिद्वार। गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में मध्यप्रदेश के गायत्री परिवार के कार्यकर्त्ताओं की तीन दिवसीय युवा कार्यशाला का समापन हुई। कार्यशाला में पौधारोपण, नारी जागरण, युवा जागरण, कुरीति उन्मूलन आदि कार्यक्रमों की समीक्षा की गयी। अखिल विश्व गायत्री परिवार की संस्थापिका माता भगवती देवी शर्मा के जन्म शताब्दी वर्ष 2026 की कार्ययोजनाओं को मूर्त रूप देने की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। प्रतिभागियों से मुलाकात में संस्था की अधिष्ठात्री शैलदीदी ने कहा कि आज दुनिया भारत की ओर आशा भरी निगाहों से देख रही है। ऋषि परंपरा की गरिमा को बनाए रखने के लिए मिल-जुलकर कार्य करना है। देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि वर्ष 2026 में माता भगवती देवी शर्मा का जन्मशताब्दी वर्ष है। युवा वर्ग जाग जाए, तो राष्ट्र का जागरण संभव है। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के 52 जिलों के दो सौ से अधिक युवाओं ने भागीदारी की।